Korba

उप निरीक्षक पद पर चयनित नरेंद्र कुमार कुर्रे का ग्राम आगमन पर भव्य स्वागत

कोरबा/करतला। दिनांक 23 मई 2026 को ग्राम पंचायत कथरी माल, ग्राम भाटापारा, विकासखंड करतला, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) निवासी नरेंद्र कुमार कुर्रे के उप निरीक्षक पद पर चयनित होकर 18 माह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के पश्चात अपने गृह ग्राम आगमन पर ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, परिजनों एवं रिश्तेदारों द्वारा भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
नरेंद्र कुमार कुर्रे के ग्राम आगमन पर बस स्टैंड तरदा में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, मित्रों एवं ग्रामीणों ने पुष्पमालाओं एवं जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर नरेंद्र कुमार कुर्रे ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना कर माल्यार्पण किया तथा देश सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इसके पश्चात स्वागत रैली निकाली गई, जो पूरे उत्साह एवं उल्लास के साथ ग्राम भाटापारा पहुंची। ग्राम आगमन पर नरेंद्र कुमार कुर्रे ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना की। साथ ही उन्होंने संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की जैतखाम पर भी श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
तत्पश्चात नरेंद्र कुमार कुर्रे अपने निवास गृह पहुंचे, जहां ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। परिवारजनों एवं रिश्तेदारों ने तिलक-वंदन, आरती एवं पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
स्वागत कार्यक्रम में मुख्य रूप से नरेंद्र कुमार कुर्रे के पिता श्री रामलाल कुर्रे, बड़े भैया सुरेंद्र कुमार कुर्रे,माता श्रीमती सविता देवी, बड़े पापा श्री रामदयाल कुर्रे, बड़ी मम्मी श्रीमती बनवास कुर्रे, चाचा श्री रामपाल कुर्रे एवं श्रीमती सीमा कुर्रे, श्री मोहनलाल कुर्रे एवं श्रीमती रंजीता कुर्रे सहित परिवार के अन्य सदस्य एवं समस्त रिश्तेदार उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि श्री राजू राजवाड़े, उप सरपंच श्रीमती उषा बाई पाटले, पंचगण, ग्राम के गणमान्य नागरिक, युवा साथी एवं नरेंद्र कुर्रे के मित्रगण भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
ग्रामवासियों ने नरेंद्र कुमार कुर्रे की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उपस्थित जनों ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सेवाकाल की शुभकामनाएं दीं।

Back to top button