तालाब में डूबने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

कोरबा- कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूपातराई में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय बुद्धू राम मैत्री रोज की तरह सुबह दातुन करने के लिए घर से निकले थे। परिजनों ने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह टहलने और दातुन करने के बाद कुछ ही समय में वापस लौट आते थे, लेकिन इस बार कई घंटे बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं पहुंचे।
परिजनों को चिंता होने पर आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान गांव के तालाब में उनका शव तैरता हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक आशंका डूबने से मौत की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।






