Sakti

सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेल कर 9 लाख ठगने वाला आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

सक्ती, 21 मार्च 2026।
थाना सक्ती क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से महिला से ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।
मामले के अनुसार, पीड़िता की पहचान जीवन साथी ऐप के जरिए उत्तर प्रदेश निवासी अंकित तिवारी से हुई थी। आरोपी ने महिला को शादी का झांसा देकर विश्वास में लिया और वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीनशॉट लेकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने नौकरी पर खतरे का हवाला देकर अलग-अलग समय में 8 से 9 लाख रुपये ठग लिए।
पीड़िता द्वारा 9 मार्च 2026 को थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 308(5) एवं 338 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में टीम ने उत्तर प्रदेश के कानपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लखन लाल पटेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button