Raipur

धरती पर उतरेगा चंद्रयान-3 : राजधानी रायपुर में चंद्रयान-3 पर विराजमान होंगे श्री गणेश, तैयार हो रहा पंडाल

रायपुर । चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर भारत की ऐेतिहासिक उपलब्धि का असर राजधानी में गणेशोत्सव के लिए बन रहे पंडालों पर साफ-साफ दिख रहा है। इस साल गणेश उत्सव 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी से शुरू होगा। गणेश उत्सव को लेकर राजधानी में दर्जनभर से अधिक गणेश उत्सव समितियां विशेष थीम पर आधारित बड़े-बड़े पंडाल तैयार कर रही है। कालीबाड़ी में चंद्रयान-3 के जैसा 120 फीट ऊंचा पंडाल बनाया जा रहा है।

कोलकाता और हैदराबाद समेत देश के विभिन्न स्थानों से आए कारीगर और कलाकार पंडालों को तैयार कर रहे हैं। इस बार चंद्रयान-3 और हनुमान जी की वीर गाथा, अयोध्या की श्रीराम मंदिर और भगवान बालाजी का स्वरूप देखने को मिलेगा।

शहर में प्रमुख कालीबाड़ी, गुढ़ियारी, गंज पारा, सुंदर नगर, राठौर चौक, गोल बाजार, पुरानी बस्ती, कुशालपुर क्षेत्र समेत कई क्षेत्रों में भव्य पंडाल नजर आएंगे। यहां के पंडालों में भगवान गणेश के साथ कई देवी-देवता के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, किसान खेती करते हुए जैसे कई तरह झांकी दिखाई देगा।

चंद्रयान-3 में विराजेंगे भगवान श्री गणेश

कालीबाड़ी भोलेनाथ गणेश उत्सव समिति चंद्रयान-3 थीम पर पंडाल तैयार करा रही है। समिति के अध्यक्ष कृष्णा साहू ने बताया कि झांकी बनाने के लिए कोलकाता के 30 कारीगर आए हैं। यहां 120 फीट ऊंचा पंडाल हैं। यहां पंडाल का आकार आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा सेंटर से लॉन्चिंग के लिए तैयार चंद्रयान-3 के जैसा दिखेगा। इसी पंडाल के भीतर विघ्न-नाशक गणपति जी विराजेंगे।

Back to top button